जल जीवन मिशन के तहत करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास अब ‘नल-जल’ का कनेक्शन: सरकार

Ads

जल जीवन मिशन के तहत करीब 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास अब ‘नल-जल’ का कनेक्शन: सरकार

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 07:24 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुधवार को भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर जारी एक सरकारी दस्तावेज के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत अब लगभग 16 करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास ‘नल जल’ कनेक्शन है, जिससे सुरक्षित पेयजल की सुविधा 81 प्रतिशत से अधिक परिवारों तक पहुंच गई है।

पंद्रह अगस्त 2019 को शुरू किये गए जल जीवन मिशन का उद्देश्य देश के हर ग्रामीण परिवार तक नल के जरिये जल पहुंचाना है।

शुरुआत में, केवल 3.23 करोड़ ग्रामीण परिवारों (यानी कुल परिवारों के 16.71 प्रतिशत) के पास ही ‘नल जल’ का कनेक्शन था। तब से अब तक, 12.5 करोड़ से अधिक और परिवारों को इससे जोड़ा गया है, जिससे इसके दायरे में लगभग 16 करोड़ परिवार आ चुके हैं।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और इस उपलब्धि को जनता के भरोसे और राष्ट्र की समर्पित सेवा का प्रमाण बताया।

पाटिल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री के पद पर 4,399 दिन पूरे किये हैं, जो राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित उनकी एक अविराम यात्रा है।

उन्होंने कहा, ‘‘जन-आकांक्षाओं को संकल्प में और संकल्प को सिद्धि में परिवर्तित करने वाले नेतृत्व के रूप में प्रधानमंत्री जी ने भारत की विकास यात्रा को नयी गति और नयी दिशा प्रदान की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अंत्योदय के भाव से प्रेरित होकर, कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने, भारत की सांस्कृतिक चेतना को वैश्विक पहचान दिलाने तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए उनका सतत प्रयास देश की प्रगति में महत्वपूर्ण अध्याय बन चुका है।’’

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश