एबीवीपी ने एसआरसीसी और भारती कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज की
एबीवीपी ने एसआरसीसी और भारती कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज की
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) में अध्यक्ष और सचिव पदों के साथ दोनों काउंसलर सीटों पर भी कब्जा कर लिया।
एबीवीपी ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कई कॉलेजों में हुए महाविद्यालय छात्रसंघ चुनावों में जीत हासिल की, जबकि डूसू के केंद्रीय पैनल के लिए मतदान जारी रहा।
छात्र संगठनों की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, डीयू के प्रमुख वाणिज्य कॉलेज में शामिल एसआरसीसी में एबीवीपी उम्मीदवारों ने चारों सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की। एबीवीपी ने अदिति महाविद्यालय और भारती कॉलेज में भी सभी पदों पर जीत दर्ज की और कई अन्य महाविद्यालयों में महत्वपूर्ण पद हासिल किए।
श्री अरविंद महाविद्यालय (मॉर्निंग) में एबीवीपी ने सभी छह पदों पर जीत दर्ज की, जबकि भारती कॉलेज में उसने सभी आठ सीटों पर कब्जा किया।
एबीवीपी ने केशव महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पदों पर जीत का दावा किया। वहीं, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष और सचिव पदों के अलावा दो काउंसलर सीटों पर भी एबीवीपी उम्मीदवार विजयी रहे।
इस बीच, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने भास्कराचार्य कॉलेज में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। एसएफआई की दिल्ली प्रदेश समिति की सदस्य अर्ची को महाविद्यालय छात्रसंघ का अध्यक्ष चुना गया। कॉलेज स्तर के चुनाव परिणामों में एबीवीपी के दबदबे के बीच वाम समर्थित संगठन के लिए इसे महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
महाविद्यालय छात्र संघ चुनावों के परिणाम उस समय आने शुरू हुए, जब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के केंद्रीय पैनल के चार पदों – अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव – के लिए विश्वविद्यालय में मतदान जारी था।
डूसू के केंद्रीय पैनल के लिए मतगणना शनिवार को होगी।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


