कांग्रेस व भाजपा सरकार के कामों की तुलना की चुनौती स्वीकार: जूली
कांग्रेस व भाजपा सरकार के कामों की तुलना की चुनौती स्वीकार: जूली
जयपुर, 24 जून (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को कहा कि उन्हें कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार तथा भाजपा की मौजूदा सरकार के कार्यकाल के कार्यों की तुलना की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की चुनौती स्वीकार है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शर्मा ने सोमवार को यहां एक कार्यक्रम में परोक्ष रूप से कांग्रेसी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि ‘‘कुछ लोग कह रहे हैं कि बिजली नहीं आ रही, मुझे बता तो दो कहां नहीं आ रही, मैं डेढ़ साल का हिसाब और आप अपना पुराना पांच का हिसाब लेकर आ जाना बता दूंगा।’’
उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने डेढ़ साल में तुम्हारे पांच साल (के काम) को पीछे छोड़ दिया है।’’
शर्मा ने कहा था कि कांग्रेस सरकार के पांच साल में बिजली उत्पादन, घरेलू और कृषि कनेक्शन जारी करने के आंकड़ों की तुलना भाजपा सरकार के डेढ़ साल में किए गए काम से करें तो वस्तुस्थिति स्पष्ट हो जाएंगी।
जूली ने इसको लेकर ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री जी, कल मैंने आपके भाषण का एक अंश मीडिया में देखा जिसमें आप कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष और भाजपा सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की तुलना करके खुले मंच पर बहस की बात कर रहे थे।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने एवं हमारे कांग्रेस विधायक दल ने कई बार इसकी तुलना की है और आपसे सवाल पूछे हैं परन्तु आप और आपकी सरकार इसके बारे में जानकारी देने में असफल रहे हैं। अब आपने खुले मंच पर ऐसा करने की इच्छा जताई है।’’
जूली कहा, ‘‘विधानसभा में प्रतिपक्ष का नेता होने के नाते मैं कांग्रेस सरकार एवं भाजपा सरकार के कार्यकाल के कार्यों की तुलना की आपकी यह चुनौती स्वीकार करता हूं। आप इसके लिए उचित समय, स्थान एवं माध्यम चुनकर सूचित करें। आइए इस मंच पर हमारी और आपकी सरकार के काम की तुलना करके जनता के सामने चर्चा करें।’’
भाषा पृथ्वी अमित
अमित

Facebook


