जयपुर, 29 जुलाई (भाषा) राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में एक निजी विद्यालय के शौचालय में साढ़े तीन वर्ष की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला 27 जुलाई को सामने आया, जब विद्यालय से घर लौटने के बाद बच्ची ने अपनी मां से पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य परेशानी समझा, लेकिन दर्द बढ़ने पर मां ने बच्ची से प्यार से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, बच्ची ने बताया कि विद्यालय का एक पुरुष कर्मचारी उसे शौचालय में ले गया, जहां उसने उसे कसकर पकड़ लिया और उसके निजी अंगों को बार-बार छुआ। इसके बाद से ही उसे दर्द होने लगा।
परिजनों ने 28 जुलाई को स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग विद्यालय के बाहर एकत्र हो गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। देर रात तक गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
प्रदर्शनकारी पूरी रात विद्यालय के बाहर डटे रहे। पूर्व विधायक श्रीराम भींचर और भाजपा नेता प्रकाश भाकर सहित कई जनप्रतिनिधि भी प्रदर्शन में शामिल हुए। पूर्व विधायक ने सुबह चार बजे तक धरने पर बैठकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
डीडवाना के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विक्की नागपाल और थाना प्रभारी पंकज कुमार मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से बात की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन दिन का समय मांगा तथा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सुबह करीब चार बजे जाम समाप्त कर दिया गया।
नागपाल ने कहा, ‘‘परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने जांच के लिए एक समिति का गठन किया है, जो तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। तब तक विद्यालय बंद रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बच्ची अभी आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए त्वरित अदालत में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मकराना के एक विद्यालय में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की भयावह घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। यह जघन्य कृत्य मानवता पर कलंक है।’’
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा किसी भी सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान की भाजपा सरकार इस कसौटी पर अब तक विफल रही है।
भाषा बाकोलिया
सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल