अभिनेता राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने पहले दिन 135 करोड़ रु से अधिक की कमाई की

Ads

अभिनेता राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने पहले दिन 135 करोड़ रु से अधिक की कमाई की

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 01:22 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 01:22 PM IST

हैदराबाद, पांच जून (भाषा) अभिनेता राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने विश्वभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए पहले दिन ही 135.36 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। निर्माताओं ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह स्पोर्ट्स आधारित एक्शन फिल्म बृहस्पतिवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई तथा समीक्षकों से इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है।

फिल्म का निर्माण करने वाली प्रोडक्शन कंपनी ‘वृद्धि सिनेमा’ ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़े साझा किए।

स्टूडियो ने लिखा, “बॉक्स ऑफिस चैंपियन। पेद्दी सर, फिल्म ने पहले दिन विश्वभर में 135.36 करोड़ रुपये से अधिक की कुल कमाई की। अब पेद्दी सिनेमाघरों में देखें।”

अभिनेता राम चरण की पिछली फिल्म ‘गेम चेंजर’ के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, ‘पेद्दी’ की पहले दिन की कमाई उनके लिए शानदार वापसी का संकेत मानी जा रही है।

यह फिल्म 1980 के दशक की ग्रामीण आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ‘पेद्दी’ में एक निचली जाति के ग्रामीण के संघर्ष और यात्रा को दिखाया गया है, जो अपने समुदाय को पहचान और सम्मान दिलाने के लिए कुश्ती का सहारा लेता है।

फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि शिव राजकुमार उनके गुरु गौरनायडू के रूप में नजर आएंगे। जाह्नवी कपूर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री हैं। वहीं, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बमन ईरानी सहायक भूमिकाओं में हैं।

इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान द्वारा तैयार किया गया है और सिनेमेटोग्राफी आर. रतनावेल्लू ने की है। फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के तहत वेंकट सतीश किलारु द्वारा किया गया है। पेद्दी के सह-निर्माता आईवीवाई एंटरटेनमेंट के ईशान सक्सेना हैं। इसे मैत्री मूवी मेकर्स तथा सुकुमार राइटिंग्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है।

‘उप्पेना’ जैसी फिल्म का निर्देशन कर चुके बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित ‘पेद्दी’ उनकी दूसरी फीचर फिल्म है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव