मुंबई लौटीं अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि, ‘प्रभावशाली’ भूमिकाओं की तलाश
मुंबई लौटीं अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि, 'प्रभावशाली' भूमिकाओं की तलाश
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) ‘हीरो’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वालीं अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा है कि वह अब मुंबई लौट आई हैं और सार्थक काम की तलाश में हैं।
अभिनेत्री (62) 1980 और 1990 के दशक की शीर्ष बॉलीवुड अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। उन्हें ‘घर हो तो ऐसा’, ‘मेरी जंग’, ‘घातक’ और ‘घायल’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए जाना जाता है।
उन्होंने वर्ष 1997 में विवाह के बाद अभिनय जगत से दूरी बना ली थी और अमेरिका जाकर बस गई थीं।
लगभग तीन दशकों के बाद, अनुभवी अभिनेत्री ने मनोरंजन उद्योग में वापसी करने की इच्छा जताई है।
उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ‘मेरे इंस्टाग्राम परिवार के सदस्यों को सादर नमस्ते। आज मैं आप सभी के प्यार, प्रोत्साहन और निरंतर समर्थन के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। 30 साल लंबे अंतराल के बाद मैं अपनी ‘कर्मभूमि’ मुंबई (भारत) वापस लौट आई हूं और एक बार फिर आशा, जुनून और सकारात्मकता के साथ मनोरंजन उद्योग में कदम रखा है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं सार्थक अवसरों की प्रतीक्षा कर रही हूं, चाहे वह मुख्य भूमिका हो, सहायक चरित्र हो या फिर कोई छोटा शो हो। भूमिका प्रभावशाली होनी चाहिए, यही मायने रखता है। यह फिल्में या ओटीटी शो भी हो सकते हैं, लेकिन मैं ऐसी भूमिकाएं तलाशना चाहती हूं जो एक कलाकार के रूप में मुझे चुनौती दें और मेरे अभिनय के नए आयामों को खोजने में मेरी मदद करें।’
शेषाद्रि ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1983 में हिंदी फिल्म ‘पेंटर बाबू’ से की थी। इसी वर्ष सुभाष घई की फिल्म ‘हीरो’ से उन्हें काफी शोहरत मिली, जिसमें उनके साथ जैकी श्रॉफ मुख्य भूमिका में थे।
भाषा सुमित संतोष
संतोष

Facebook


