जयपुर, एक अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को रामजल सेतु लिंक परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को काम तेज करने के निर्देश दिए ताकि समय पर परियोजना पूरी हो और जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में बुधवार को हुई बैठक में बताया कि केन्द्रीय जल आयोग परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का तकनीकी परीक्षण कर चुका है और अब बाकी काम तय समय में पूरा करना जरूरी है।
उन्होंने साथ ही पेयजल आपूर्ति जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नवनेरा बैराज और ईसरदा बांध का काम पूरा हो चुका है जबकि रामगढ़ और महलपुर बैराज के कुछ जरूरी ढांचे भी बनकर तैयार हैं, अलग-अलग जगहों पर फीडर और अन्य निर्माण कार्य जारी हैं।
बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब