गुजरात में प्रशासनिक फेरबदल; 72 आईएएस अधिकारियों का तबादला

Ads

गुजरात में प्रशासनिक फेरबदल; 72 आईएएस अधिकारियों का तबादला

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 03:34 PM IST

अहमदाबाद, 13 मई (भाषा) गुजरात सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 72 अधिकारियों का तबादला कर दिया।

जामनगर के नगर आयुक्त डी. एन. मोदी को गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त किया गया जबकि कच्छ-भुज के जिलाधिकारी आनंद पटेल का तबादला करके उन्हें गांधीनगर में स्कूल आयुक्त बनाया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पटेल को पीएम-पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) के आयुक्त और गुजरात शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जीसीईआरटी) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

अहमदाबाद के जिलाधिकारी सुजीत कुमार को अहमदाबाद का विशेष राज्य कर आयुक्त नियुक्त किया गया।

जिलाधिकारी (सूरत) डॉ. सौरभ परधी को गांधीनगर स्थित खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में नागरिक आपूर्ति निदेशक और पदेन अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी (भरूच) गौरांग मकवाना को निदेशक के रूप में जीईडीए में स्थानांतरित किया गया।

उन्हें गुजरात पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड और उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।

नर्मदा के जिलाधिकारी संजय के मोदी का तबादला गुजरात राज्य जनजातीय विकास आवासीय शैक्षणिक संस्थान सोसायटी (जीएसटीडीआरईआईएस), गांधीनगर के कार्यकारी निदेशक के रूप में कर दिया गया है।

जिलाधिकारी (मोरबी) किरण बी झावेरी को नवगठित नाडियाड नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।

जिलाधिकारी (नवसारी) क्षिप्रा अग्रे को गांधीनगर में सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्यम (एमएसएमई) आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें सेवा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जिलाधिकारी (दाहोद) योगेश बबनराव निर्गुडे को गांधीनगर का अतिरिक्त विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी (खेड़ा) अमित प्रकाश यादव का तबादला गांधीनगर में उद्योग के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में किया गया।

जिलाधिकारी (गिर-सोमनाथ) एन. वी. उपाध्याय को खेड़ा जिले का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था।

गांधीनगर स्थित टूरिज्म कॉर्पोरेशन ऑफ गुजरात लिमिटेड की प्रबंध निदेशक प्रभा जोशी को जूनागढ़ नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश