दिल्ली में भारत-नामीबिया टी20 मैच के लिए यातायात और पार्किंग के संबंध में परामर्श जारी

Ads

दिल्ली में भारत-नामीबिया टी20 मैच के लिए यातायात और पार्किंग के संबंध में परामर्श जारी

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 03:05 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 03:05 PM IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और नामीबिया के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के मद्देनजर यातायात पाबंदियां और वाहन पार्किंग के संबंध में परामर्श जारी किया।

मैच शाम पांच बजे से आधी रात तक फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेला जाएगा। दर्शकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने कहा कि स्टेडियम के आसपास विशेष रूप से यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी।

परामर्श के मुताबिक, मैच के समय बहादुर शाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग पर मार्ग परिवर्तन और पाबंदियां लागू रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे शाम पांच बजे से आधी रात के बीच इन रास्तों से बचें क्योंकि भारी जाम रहने की संभावना है।

परामर्श में कहा गया है कि जेएलएन मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट तक, आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक और बहादुर शाह जफर मार्ग पर दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक (दोनों तरफ) तक भारी वाहनों को आने की इजाजत नहीं होगी। स्टेडियम के आसपास वाहन पार्किंग की भी सख्त पाबंदियां रहेंगी।

इसमें कहा गया कि सिर्फ उन्हीं वाहनों को प्रवेश मिलेगा जिनके शीशे पर वैध पार्किंग लेबल लगे होंगे। बिना वैध लेबल वाली गाड़ियों को कार्यक्रम स्थल के पास आने की इजाजत नहीं होगी।

परामर्श में कहा गया कि दर्शकों के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर निशुल्क पार्किंग की सुविधा दी गई है।

भाषा शफीक अमित

अमित

शीर्ष 5 समाचार