एअर इंडिया विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावास का पुनर्निर्माण होगा

एअर इंडिया विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावास का पुनर्निर्माण होगा

एअर इंडिया विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावास का पुनर्निर्माण होगा
Modified Date: March 18, 2026 / 06:14 pm IST
Published Date: March 18, 2026 6:14 pm IST

गांधीनगर, 18 मार्च (भाषा) गुजरात सरकार ने अहमदाबाद शहर के बीजे मेडिकल कॉलेज में विमान हादसे में क्षतिग्रस्त छात्रावास के स्थान पर एक नया छात्रावास परिसर बनाने का फैसला किया है।

नौ माह पहले एअर इंडिया की एआई-171 उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने से यह छात्रावास क्षतिग्रस्त हो गया था।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मेघानीनगर इलाके में 12 जून, 2025 की भयावह घटना के बाद खाली हुई मौजूदा इमारत को गिरा दिया जाएगा और उसकी जगह 103 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक नया, बड़ा छात्रावास परिसर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि टाटा समूह ने पुनर्निर्माण के लिए 53 करोड़ रुपये दिए हैं जिसका एअर इंडिया पर स्वामित्व है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव टोपनो ने बुधवार को कहा, “हमने छात्रावास के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया है। टाटा समूह ने हमें आश्वासन दिया था कि वे नुकसान की भरपाई करेंगे और उन्होंने वादा की गई धनराशि जमा कर दी है।”

वह पिछले महीने के बजट में विभाग के लिए किए गए आवंटन के संबंध में गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

स्वास्थ्य विभाग की परियोजना प्रबंधन इकाई के मुख्य अभियंता पी एम चौधरी ने बताया कि पुनर्निर्माण की अनुमानित लागत 103 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि टाटा समूह ने 53 करोड़ रुपये और राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि निविदाएं जल्द ही आमंत्रित की जाएंगी और उम्मीद जतायी कि निर्माण कार्य अगले तीन महीनों में शुरू हो जाएगा।

चौधरी ने बताया कि वर्तमान परिसर में लगभग 100 छात्र रह सकते थे और उसे गिरा दिया जाएगा और नये छात्रावास में 292 छात्रों के रहने की क्षमता होगी।

दुर्घटना में छात्रावास परिसर को व्यापक क्षति पहुंची थी। कुछ हिस्सों पर मलबा गिरा, जबकि अधिकांश भाग आग की चपेट में आ गया, जिससे इमारत उपयोग के लायक नहीं रही। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच की सुविधा के लिए परिसर को खाली करा दिया गया।

एअर इंडिया का विमान 12 जून, 2025 को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उड़ान संख्या एआई-171 के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में 240 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में