एआई सम्मेलन प्रदर्शन: तीन और आरोपी शिमला से गिरफ्तार,कुल 11 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके
एआई सम्मेलन प्रदर्शन: तीन और आरोपी शिमला से गिरफ्तार,कुल 11 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कमीज उतार कर किए गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में कांग्रेस के तीन और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सौरभ, सिद्धार्थ और अरबाज़ को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के एक होटल से पकड़ा।
उन्हें एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उनकी ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली ताकि पुलिस उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ला सके।
हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम ने नाटकीय मोड़ ले लिया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को उस समय रोक लिया, जब वह आरोपियों को राष्ट्रीय राजधानी ले जा रही थी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की टीम ने शिमला में स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बिना कार्रवाई की। इस पर कार्रवाई करते हुए हिमाचल पुलिस ने तीन वाहनों को रोक लिया जिसमें आरोपी और दिल्ली पुलिस के कर्मी सवार थे। आरोपी कथित तौर पर हिमाचल प्रदेश के निवासी नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार दो वाहनों को शिमला में रोका गया, जबकि तीसरे वाहन को सोलन जिले के धर्मपुर के पास रोका गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों समेत करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया।
भारत मंडपम में 20 फरवरी को कमीज उतार कर किए गए विरोध प्रदर्शन ने सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल पैदा किए। इस घटना के बाद पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दंगा करने और वैमनस्य फैलाने सहित विभिन्न आरोप लगाए थे।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने विशिष्ट जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पता लगाया।
इन खबरों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
मामले में मंगलवार को भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता भूदेव शर्मा को गिरफ्तार किया गया। दोनों को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा शोभना माधव
माधव

Facebook


