अन्ना द्रमुक महासचिव पलानीस्वामी ने सहायक प्रोफेसर परीक्षा परिणामों की जांच कराने की मांग की

Ads

अन्ना द्रमुक महासचिव पलानीस्वामी ने सहायक प्रोफेसर परीक्षा परिणामों की जांच कराने की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 02:22 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 02:22 PM IST

चेन्नई, 28 जून (भाषा) अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी ने रविवार को राज्य सरकार से हाल ही में घोषित सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के परिणामों की स्वतंत्र और गहन जांच कराने की मांग की।

पलानीस्वामी ने परीक्षा पत्र के मूल्यांकन में व्यापक अनियमितताओं और मनमाने ढंग से अंक देने का आरोप लगाया।

शिक्षक भर्ती बोर्ड (टीआरबी) ने सरकारी कला एवं विज्ञान महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर के 2,708 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के परिणाम 25 जून, 2026 को घोषित किए। यह भर्ती प्रक्रिया लगभग 25 वर्ष के अंतराल के बाद पिछले दिसंबर में आयोजित की गई थी।

टीआरबी के सूत्रों के अनुसार, परीक्षा में कुल 42,064 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा में 150 अंकों का वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र और 50 अंकों का वर्णनात्मक (निबंध) प्रश्नपत्र शामिल था।

पलानीस्वामी ने एक बयान में कहा, ‘‘खबरों के अनुसार, वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र में अत्यधिक अंक प्राप्त करने वाले 42 अभ्यर्थियों को वर्णनात्मक प्रश्नपत्र में ‘शून्य’ अंक दिए गए, जबकि 106 अभ्यर्थियों को केवल एक अंक मिला। तमिल विभाग के एक अभ्यर्थी ने वस्तुनिष्ठ परीक्षा में 150 में से 111 अंक हासिल किए, लेकिन निबंध प्रश्नपत्र में उसे शून्य अंक दिए गए।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कुप्रबंधन के कारण सहायक प्रोफेसरों के 50 प्रतिशत से अधिक पद तथा कई प्राचार्यों के पद रिक्त पड़े रहे। इस कारण उच्च शिक्षा में नामांकन दर घटकर 47 प्रतिशत रह गयी, जो अन्नाद्रमुक शासन (2019-20) के दौरान 51.4 प्रतिशत के उच्चतम स्तर पर थी।

पलानीस्वामी ने राज्य सरकार से वर्तमान टीआरबी सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के परिणाम तत्काल रद्द करने और कथित अनियमितताओं की व्यापक एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी या कदाचार में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

भाषा गोला शोभना

शोभना