जम्मू, 28 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में एक निस्तारण केंद्र पर पुलिस द्वारा उधमपुर में जब्त की गई 1.318 किलोग्राम हेरोइन सहित 3.7 टन से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में उधमपुर की जिला औषधि निपटान समिति (डीडीडीसी) ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत इन मादक पदार्थों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि सभी वैधानिक कानूनी औपचारिकताओं और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दिशानिर्देशों का सख्त अनुपालन करते हुए 20 और 27 जून को सांबा के विजयपुर इलाके में एक केंद्र पर इन मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि नष्ट किए गए मादक पदार्थों में लगभग 3,696 किलोग्राम अफीम, 71 किलोग्राम से अधिक चरस, 21,965 से अधिक प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट, 18 किलोग्राम भांग तथा 885 ग्राम गांजा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का नष्ट किया जाना उन्हें दोबारा समाज में पहुंचने से रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह उधमपुर पुलिस के मादक पदार्थ के खतरे को समाप्त करने के अडिग संकल्प को दर्शाता है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना