अन्नाद्रमुक ने पहले भी एग्जिट पोल भविष्यवाणियों को गलत साबित किया है: पलानीस्वामी

Ads

अन्नाद्रमुक ने पहले भी एग्जिट पोल भविष्यवाणियों को गलत साबित किया है: पलानीस्वामी

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 08:20 PM IST

चेन्नई, 30 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के अध्यक्ष एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल पर बृहस्पतिवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ने पूर्व में भी एग्जिट पोल में की गई भविष्यवाणियों को गलत साबित किया है और हर बार मजबूती से वापसी की है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराए गए एग्जिट पोल में से ज्यादातर में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को बढ़त दिखाई गई है।

अन्नाद्रमुक महासचिव ने एग्जिट पोल पर दी गई अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ‘‘इस चुनाव में भी (पूर्व की तरह) सफलता निश्चित रूप से जारी रहेगी।’’

उन्होंने यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि द्रमुक एग्जिट पोल के नाम पर ‘‘व्यवस्थित रूप से’’ दुष्प्रचार कर रही है।

तमिलनाडु की निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘वे तमिलनाडु की जनता और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को गुमराह कर रहे हैं। इसलिए भविष्यवाणियों को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।’’

पलानीस्वामी ने दावा किया कि अन्नाद्रमुक ने अब तक सभी एग्जिट पोल को ‘हराकर’ सरकार बनाई है। उन्होंने राज्य में 2011 और 2016 के विधानसभा चुनावों को याद किया, जिनमें उनकी पार्टी ने दिवंगत जे जयललिता के नेतृत्व में जीत दर्ज की थी।

उन्होंने 2011 के राज्य विधानसभा चुनाव का संदर्भ देते हुए कहा, ‘‘उस समय एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि द्रमुक की सरकार बनी रहेगी और केवल कुछ ही एग्जिट पोल में अन्नाद्रमुक के जीतने की संभावना जताई गई थी। लेकिन द्रमुक ने तब केवल 23 सीटें जीती थीं और वह मुख्य विपक्षी दल का दर्जा भी हासिल नहीं कर सकी थी।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने द्रमुक पर जीत का भ्रम पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अराजकता फैल सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, बूथ एजेंट, उम्मीदवारों और निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव प्रभारी को चार मई को मतगणना स्थलों पर अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए।’’

पलानीस्वामी ने भरोसा जताया कि अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन 234 सदस्यीय विधानसभा क्षेत्रों में 210 सीट पर जीत दर्ज करेगा।

राज्य में अन्नाद्रमुक विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही है। इस गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) शामिल हैं।

भाषा धीरज नरेश

नरेश