अन्नाद्रमुक नेता उदयकुमार ने धारापुरम उपचुनाव को लेकर विजय पर निशाना साधा
अन्नाद्रमुक नेता उदयकुमार ने धारापुरम उपचुनाव को लेकर विजय पर निशाना साधा
मदुरै (तमिलनाडु), 30 सितंबर (भाषा) अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता आर बी उदयकुमार ने आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बुधवार को धारापुरम दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला और सत्तारूढ़ टीवीके पर ‘‘विश्वासघात’’ के जरिए अनावश्यक चुनाव थोपने और शासन के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया।
उदयकुमार ने एक वीडियो बयान में सवाल उठाया कि चार महीने पहले अन्नाद्रमुक के ‘दो पत्ती’ चुनाव चिह्न पर चुनाव जीतने वाले व्यक्ति को महज 10 दिन के भीतर इस्तीफा देने और फिर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के टिकट पर धारापुरम से चुनाव लड़ने की जरूरत क्यों पड़ी।
उदयकुमार ने पूछा, ‘‘दो पत्ती के चुनाव चिह्न पर जीतने वाले व्यक्ति से 10 दिन के भीतर इस्तीफा दिलाकर उसे धारापुरम में फिर टीवीके के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारने के पीछे क्या वजह है? क्या मुख्यमंत्री निर्वाचन क्षेत्र की जनता को इसका जवाब देंगे?’’
उन्होंने इस कदम को राजनीतिक विश्वासघात और जनता के भरोसे का घोर उल्लंघन करार दिया तथा कहा कि यह लोकतांत्रिक नैतिकता को कमजोर करता है।
टीवीके सरकार के चार महीने के कामकाज की आलोचना करते हुए पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद जनता का उन पर भरोसा तेजी से कम हुआ है।
उदयकुमार ने आरोप लगाया, ‘‘इन चार महीनों में राज्य में बिना किसी पूर्व सूचना के लंबे समय तक बिजली कटौती, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताएं और मादक पदार्थों का व्यापक प्रसार देखने को मिला है।’’
धारापुरम में यह उपचुनाव अन्नाद्रमुक की विधायक पी. सत्यभामा के इस्तीफे के कारण आवश्यक हुआ है। बाद में वह सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गई थीं।
धारापुरम में उपचुनाव छह अक्टूबर को होगा।
मदुरांतकम में भी उपचुनाव होगा। वहां अन्नाद्रमुक विधायक के. मरगथम कुमारवेल के इस्तीफे के बाद उपचुनाव आवश्यक हुआ है। वह भी बाद में सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गई थीं।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


