हमार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, समुदाय की समस्याएं बताईं

हमार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, समुदाय की समस्याएं बताईं

हमार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, समुदाय की समस्याएं बताईं
Modified Date: September 30, 2026 / 05:20 pm IST
Published Date: September 30, 2026 5:20 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

इंफाल, 30 सितंबर (भाषा) मणिपुर के फेरजोल जिले के हमार समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से मुलाकात की और समुदाय की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा कि राज्य में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद पिछले तीन वर्षों में यह पहली बार है जब जिले के हमार समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने इंफाल में मणिपुर के मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।

बयान के अनुसार, टिपाइमुख के विधायक न्गुरसांगलुर सनाते ने जिले के विभिन्न नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ यहां मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की और सड़क संपर्क, बिजली तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े मुद्दों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

फेरजोल जिले की सीमा असम और मिजोरम से लगती है और यहां मुख्य रूप से हमार समुदाय के लोग रहते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान में जिला सड़क के रूप में मौजूद जिरीबाम-टिपाइमुख मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की मांग की।

उन्होंने बताया कि यह सड़क एनएच-37 और एनएच-102 के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग उपलब्ध कराएगी जिससे जिरीबाम, टिपाइमुख और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क में सुधार होगा।

प्रतिनिधिमंडल की मांगों में सिपुइकौन बिजली केंद्र से परबुंग तक प्रस्तावित बिजली लाइन कनेक्शन और अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विस्तार की जरूरत भी शामिल थी।

प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बैंक की स्थापना की आवश्यकता से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया और कहा कि बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि पहले शांति बहाल होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि विकास और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामान्य स्थिति और स्थिरता जरूरी है।

उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में