अरुणाचल के पूर्वी सियांग में जंगल की आग पर काबू पाने में वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने मदद की

Ads

अरुणाचल के पूर्वी सियांग में जंगल की आग पर काबू पाने में वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने मदद की

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 03:17 PM IST

ईटानगर, 12 मार्च (भाषा) भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में लगी जंगल की आग को बुझाने में मदद के लिए एक अभियान चलाया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चार दिवसीय अभियान के दौरान 54 हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और प्रभावित वन क्षेत्रों तथा आसपास की बस्तियों पर लगभग 1.62 लाख लीटर पानी गिराया गया।

उन्होंने बताया कि पूर्वी सियांग जिला प्रशासन द्वारा मेबो क्षेत्र में जंगल की आग फैलने की सूचना देने और हेलीकॉप्टर सहायता मांगने के बाद आठ मार्च को यह अभियान शुरू किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि इस अनुरोध के बाद, राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग ने रक्षा मंत्रालय और पूर्वी वायु कमान से संपर्क किया, जिसके बाद भारतीय वायु सेना ने अभियान शुरू किया।

राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू द्वारा जारी एक प्रेस बयान में कहा गया है कि अभियान के दौरान, हेलीकॉप्टर ने सियांग नदी से पानी लेकर उसे आंतरिक वन क्षेत्रों के साथ-साथ मानव बस्तियों के निकट के स्थानों पर गिराया।

बृहस्पतिवार को समाप्त हुए इस अभियान में जिला प्रशासन के दलों, राज्य नागरिक उड्डयन विभाग, अग्निशमन और आपात सेवाओं, आपदा प्रबंधन और निकटवर्ती सिगार सैन्य स्टेशन के कर्मियों ने जमीनी स्तर पर सहयोग प्रदान किया।

स्थिति बिगड़ने की आशंका में एहतियाती उपाय के तौर पर 10 मार्च को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक अतिरिक्त टीम को तैनात किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि मेबो उपमंडल के तहत सिगार, रालिंग और मेबो क्षेत्रों में लगी जंगल की आग से लगभग 140 हेक्टेयर आरक्षित वन और लगभग 200 हेक्टेयर सामुदायिक वन, कृषि और बागवानी भूमि प्रभावित हुई है।

इसमें हालांकि किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि कई एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों और बुधवार रात पूर्वी सियांग में हुई भारी बारिश के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।

इसमें हालांकि किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि कई एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों और बुधवार रात पूर्वी सियांग में हुई भारी बारिश के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।

भाषा देवेंद्र रंजन

रंजन