कन्नूर (केरल), 10 अगस्त (भाषा) कन्नूर से तिरुवनंतपुरम जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का समय बदले जाने और दुबई के लिए एयरलाइन के एक विमान को रद्द किए जाने के बाद यात्रियों ने सोमवार सुबह यहां हवाई अड्डे पर प्रदर्शन और हंगामा किया। हवाई अड्डा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों में हवाई अड्डे पर नाराज यात्री एयरलाइन कर्मचारियों पर चिल्लाते हुए और उन पर उड़ान में देरी या उसे रद्द किए जाने के बारे में पहले से जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए दिखे।
हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि तिरुवनंतपुरम जाने वाला विमान सुबह करीब सात बजे उड़ान भरने वाला था लेकिन इसमें कई घंटों की देरी हुई।
एयरलाइन के एक सूत्र ने बताया कि यात्रियों को उड़ान में देरी के बारे में पूर्व सूचना दे दी गई थी।
हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि कन्नूर से दुबई जाने वाला एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान सुबह करीब नौ बजे रवाना होने वाला था, जिसके रद्द होने पर यात्रियों ने विरोध भी किया।
हवाई अड्डा के सूत्रों ने बताया कि मस्कट से कन्नूर आने वाले एक विमान को तकनीकी कारणों से मस्कट में ही रोक दिया गया था, इसलिए यहां से दुबई जाने वाले वापसी के विमान को रद्द करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यात्रियों को उनके टिकट का पैसा वापस लेने या अपनी उड़ान का समय पुनर्निर्धारित कराने का विकल्प दिया गया।
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ान रद्द होने के मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा