दिल्ली हवाई अड्डे पर आकाश एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंख टकराए; पायलटों को ड्यूटी से हटाया

Ads

दिल्ली हवाई अड्डे पर आकाश एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंख टकराए; पायलटों को ड्यूटी से हटाया

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 09:12 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार दोपहर को आकाश एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंखों के टकराने से दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डीजीसीए ने कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर आकाश एयर-स्पाइसजेट विमान दुर्घटना की जांच लंबित रहने तक वायु यातायात नियंत्रक और स्पाइसजेट के पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।

घटना के बाद दोनों बोइंग 737 विमानों को हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 2.15 बजे हवाई अड्डे के टर्मिनल एक पर हुई जब आकाश एयर का विमान टैक्सीवे पर उड़ान भरने के लिए निकलने वाला था और स्पाइसजेट का विमान पार्किंग स्टैंड की तरफ जा रहा था।

उन्होंने बताया कि आकाश एयर का विमान दिल्ली से हैदराबाद के लिए उड़ान क्यूपी-1406 संचालित करने वाला था, जबकि स्पाइसजेट का विमान उड़ान एसजी 124 का संचालन करने के बाद लेह से आया था।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा कि स्पाइसजेट का विमान पार्किंग बे में जा रहा था। इसी दौरान आकाश एयर के विमान के एक हिस्से से टकरा गया। टक्कर के कारण स्पाइसजेट विमान के दाहिने हिस्से और अकाश एयर के विमान के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा है। डीजीसीए ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है।

अकाश एयर ने कहा कि दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली उसकी उड़ान क्यूपी-1406 को बे (जहां विमान खड़ा रहता है) पर लौटना पड़ा।

एयरलाइन ने बयान में कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आकाश एयर का विमान खड़ा था जब दूसरे एयरलाइन के विमान का एक हिस्सा उससे टकरा गया।

हादसे में शामिल विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था।

एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए। एयरलाइन ने कहा, ‘‘निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।’’

स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर उसका बोइंग 737-700 विमान एक दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसके परिणामस्वरूप उसके दाहिने पंख और एक अन्य एयरलाइन के विमान के बाएं हिस्से को नुकसान पहुंचा।

प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए अधिकारियों ने बताया कि टैक्सीवे पर दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए। दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश