रांची, 16 अप्रैल (भाषा) झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को बृहस्पतिवार को राज्य का लोकायुक्त नियुक्त किया गया। एक बयान में इसकी जानकाी दी गयी।
लोक भवन द्वारा जारी बयान के अनुसार, उनकी नियुक्ति राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने की।
इकत्तीस मई, 1959 को जन्मे न्यायमूर्ति गुप्ता ने साहिबगंज के सेंट जेवियर्स विद्यालय से अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से विधि स्नातक किया और वहीं से स्नातकोत्तर की डिग्री भी हासिल की।
वह 11 जून, 1997 को बिहार उच्च न्यायिक सेवा में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के रूप में शामिल हुए।
वर्ष 2013 में न्यायमूर्ति गुप्ता को झारखंड उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया और वह 30 मई, 2021 को सेवानिवृत्त हुए।
झारखंड में लोकायुक्त का पद पिछले कुछ वर्षों से खाली था।
राज्य सरकार ने 13 अप्रैल को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि लोकायुक्त पद के लिए उम्मीदवार का नाम एक सप्ताह के भीतर राज्यपाल कार्यालय को अंतिम मंजूरी के लिए भेज दिया जाएगा।
अदालत ने सरकार को लोकायुक्त और अन्य संवैधानिक प्राधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया था। इस मामले की आगे की सुनवाई 23 अप्रैल को होगी।
भाषा सं. सुरेश
सुरेश