चेन्नई, तीन मई (भाषा) तमिलनाडु के 62 निर्धारित मतगणना केंद्रों पर चार मई को होने वाली मतगणना के लिए व्यापक त्रि-स्तरीय सुरक्षा योजना सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने यह जानकारी दी।
राज्य की सभी 234 विधानसभा सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था।
मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी और सबसे पहले डाक मत्र की गिनती होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। लगभग 1.25 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें अधिकारी, मतगणना ड्यूटी पर तैनात सूक्ष्म-पर्यवेक्षक और पुलिसकर्मी शामिल हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को 75,064 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती के लिए, 234 मतगणना हॉल की व्यवस्था की गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मतों की गिनती के दिन सुरक्षा के लिए लगभग एक लाख कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया की निगरानी करने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए 234 मतगणना पर्यवेक्षकों को तैनात किया है, जिनमें से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक पर्यवेक्षक है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप