गांधीनगर, 11 जून (भाषा) गुजरात की चार राज्यसभा सीट के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी चारों उम्मीदवारों को बृहस्पतिवार को निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
इन सीट के लिए मुख्य विपक्षी कांग्रेस व अन्य किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे।
राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित उम्मीदवारों में राजूभाई शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेशभाई राठवा और जितेंद्र कंजारिया शामिल है। ।
निर्वाचन अधिकारी और गुजरात विधानसभा के सचिव चेतन पांड्या ने बृहस्पतिवार को नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने और चुनावी मैदान में चार सीट के लिए कोई और उम्मीदवार नहीं होने पर आधिकारिक तौर पर भाजपा के चारों उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया।
गुजरात विधानसभा सचिवालय ने कहा, ‘‘11 जून को नामांकन पत्र वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद चार सीटों के लिए केवल चार उम्मीदवार ही मैदान में बचे थे। इसलिए निर्वाचन अधिकारी चेतन पांड्या ने इन चारों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।’’
राज्यसभा के लिए द्विवार्षिक चुनाव इसलिए कराने पड़े क्योंकि गुजरात के चार मौजूदा सदस्यों रामभाई मोकारिया, नरहरि अमीन और रमीलाबेन बारा (सभी भाजपा से) और शक्तिसिंह गोहिल (कांग्रेस) का छह साल का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है। इन चुनावों के लिए विधानसभा के सदस्य मतदाता होते हैं।
गोहिल गुजरात से कांग्रेस के एकमात्र राज्यसभा सदस्य हैं।
शुक्ला (62) मौजूदा समय में भाजपा की सुरेंद्रनगर जिला इकाई के प्रभारी हैं। इससे पहले वह कड़ी नगरपालिका के अध्यक्ष और मेहसाणा जिला भाजपा के महासचिव रह चुके हैं।
राठवा(39) छोटा उदयपुर जिले के आदिवासी नेता हैं और मौजूदा समय में भाजपा की जिला इकाई के महासचिव हैं। इससे पहले, वह भाजपा की युवा शाखा के उपाध्यक्ष थे।
परमार (45)गिर सोमनाथ ज़िले के निवासी है और भाजपा ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) मोर्चा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष हैं।
कंजारिया (39) भी भाजपा के एक प्रमुख ओबीसी नेता हैं और देवभूमि द्वारका जिले के निवासी हैं। वह पहले ज़िला पंचायत की कार्यकारी समिति के सदस्य रह चुके हैं।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश