नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के बारामती में पिछले महीने हुए विमान हादसे के सिलसिले में नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू को पद से हटाने की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार की मांग के बीच तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सूत्रों ने शनिवार को कहा कि नायडू पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित प्रतीत होते हैं।
‘वीएसआर वेंचर्स’ का ‘लियरजेट 45’ विमान 28 जनवरी को बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के इस हादसे के सिलसिले में अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट 28 फरवरी से पहले पेश किए जाने की संभावना है। इस बीच, कुछ हलकों ने दावा किया है कि दुर्घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है।
शनिवार को रोहित पवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर राममोहन नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्री के पद से हटाने और बारामती विमान हादसे की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
नायडू तेदेपा के वरिष्ठ नेता हैं, जो केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।
तेदेपा सूत्रों ने शनिवार को कहा कि विमान हादसे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बचाने में नायडू या पार्टी की संलिप्तता के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित प्रतीत होते हैं।
उन्होंने कहा कि एएआईबी की जांच तकनीकी, पारदर्शी और पूरी तरह से साक्ष्य-आधारित है तथा जांच निकाय को अपना काम करने और साक्ष्य-आधारित निष्कर्ष निकालने की अनुमति दी जानी चाहिए।
सूत्रों ने कहा कि एक सम्मानित नेता (अजित पवार) के निधन को राजनीतिक रंग देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेदेपा ने हमेशा अजित पवार को सर्वोच्च सम्मान दिया है।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी हादसे के पीछे की सच्चाई सामने लाने और अगर कोई दोषी है, तो उसे जवाबदेह ठहराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
भाषा पारुल माधव
माधव