जयपुर, 20 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में रविवार को बाजरा निकालते समय थ्रेसर की बेल्ट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसडावत गांव में दोपहर करीब दो बजकर 45 मिनट पर हुई। मृतक की पहचान सपना के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि भैंसडावत निवासी तुलसीराम सैनी रामबास मार्ग पर अपने खेत में परिवार के साथ बाजरा निकाल रहे थे। तुलसीराम थ्रेसर पर खड़े होकर बाजरा के भुट्टों को थ्रेसर में डाल रहे थे। उनकी पत्नी, दो बेटियां और बेटा भुट्टे लेकर आ रहे थे जबकि तीसरी बेटी सपना थ्रेसर से बाजरा निकाल रही थी।
पुलिस ने बताया कि थ्रेसर के नीचे बिछा तिरपाल हवा के कारण बार-बार उड़ रहा था। सपना तिरपाल को ठीक करने के लिए आगे बढ़ी, तभी वह थ्रेसर की बेल्ट और पुली की चपेट में आ गई।
हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय निवासी बृजेश सैनी ने बताया कि सपना और उसकी दो बड़ी बहनों की शादी करीब दो महीने बाद देवउठनी एकादशी पर होने वाली थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना