श्रीनगर, 29 जुलाई (भाषा) अमरनाथ यात्रा से जुड़ी सदियों पुरानी परंपरा ‘छड़ी मुबारक’ के धार्मिक अनुष्ठान बुधवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गए। महंत दीपेंद्र गिरि ने यह जानकारी दी।
भगवान शिव की भगवा वस्त्रों से सुसज्जित छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ को यहां स्थित दशनामी अखाड़े से अनंतनाग जिले के पहलगाम ले जाया गया, जहां भूमि पूजन अनुष्ठान किया गया।
पवित्र छड़ी के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधुओं का एक समूह वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए पहलगाम स्थित गौरी शंकर मंदिर के लिए रवाना हुआ, जहां पवित्र छड़ी का भूमि पूजन अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।
गिरि ने बताया कि दिन में बाद में यहां दशनामी अखाड़ा लौटते समय छड़ी को मट्टन क्षेत्र के मार्तंड मंदिर में स्नान कराया जाएगा।
गिरि ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि इस वर्ष अब तक 4.25 लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व के साथ होगा।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी