इंफाल, 29 जुलाई (भाषा) सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में तलाशी अभियान के दौरान राइफल, मोर्टार के गोलों और हथगोलों सहित हथियारों एवं गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह बरामदगी मंगलवार को सेइजंग चेइराव चिंग क्षेत्र की तलहटी में की गई।
बयान में कहा गया, ‘‘अभियान के दौरान मैगजीन के साथ एक .303 राइफल, 12 बोर की तीन सिंगल बैरल बंदूकें, एक .22 राइफल, दंगा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाली एक बंदूक, मोर्टार के तीन गोले, दो हथगोले, विभिन्न कैलिबर के 43 कारतूस, आंसू गैस के तीन ग्रेनेड और पांच वायरलेस सेट बरामद किए गए।’’
बयान के अनुसार, मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर के सभी जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।
मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच मई 2023 से जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी