अमरनाथ यात्रा: जम्मू से 6200 से अधिक श्रद्धालु कश्मीर आधार शिविरों के लिए हुए रवाना

अमरनाथ यात्रा: जम्मू से 6200 से अधिक श्रद्धालु कश्मीर आधार शिविरों के लिए हुए रवाना

अमरनाथ यात्रा: जम्मू से 6200 से अधिक श्रद्धालु कश्मीर आधार शिविरों के लिए हुए रवाना
Modified Date: July 15, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: July 15, 2026 3:02 pm IST

जम्मू, 15 जुलाई (भाषा) जम्मू के भगवती नगर आधारशिविर से बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 6,251 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर के अमरनाथ गुफा मंदिर के दो आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चौदहवें जत्थे में 3,266 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग की ओर बढ़े, जबकि 2,985 तीर्थयात्रियों ने गांदरबल जिले के छोटे लेकिन ज्यादा चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रास्ते को चुना।

अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्री 230 गाड़ियों से रवाना हुए।

उन्होंने बताया कि दो जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से, नए जत्थे के रवाना होने के साथ ही कुल 99,287 तीर्थयात्री वार्षिक यात्रा के लिए जम्मू आधार शिविर से प्रस्थान कर चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक तीन लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन कर लिये हैं।

जब श्रद्धालु यात्रा के लिए निकले, तो यहां भगवती नगर आधार शिविर ‘बम बम भोले’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय बर्फानी बाबा की’ के जयकारों से गूंज उठा।

कई श्रद्धालुओं ने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष भी व्यक्त किया।

यह वार्षिक अमरनाथ 57 दिनों तक चलेगी और इसका समापन 28 अगस्त को होगा।

भाषा राजकुमार शफीक

शफीक


लेखक के बारे में