कड़ी सुरक्षा के बीच बंगाल सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के सहायक सुमित रॉय को अदालत में पेश किया
कड़ी सुरक्षा के बीच बंगाल सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के सहायक सुमित रॉय को अदालत में पेश किया
मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), 11 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को कथित अवैध सरकारी जमीन बिक्री मामले में शुक्रवार को मेदिनीपुर की अदालत में पेश किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, रॉय को दिन में कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित अदालत लाया गया।
रॉय की पेशी से पहले अदालत परिसर और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। यह अदालत कोलकाता से करीब 130 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने बताया कि सीआईडी मामले में पूछताछ के लिए रॉय को हिरासत में भेजे जाने का अनुरोध कर सकती है।
सीआईडी ने रॉय को बृहस्पतिवार को उस समय गिरफ्तार किया, जब उच्चतम न्यायालय ने उसे अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। यह मामला पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन के अवैध रूपांतरण और बिक्री से जुड़ा है।
रॉय को दक्षिण कोलकाता के 121 कालीघाट रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय-सह-आवास से गिरफ्तार किया गया था, यह परिसर बनर्जी से जुड़ा बताया जाता है।
यह गिरफ्तारी उच्चतम न्यायालय द्वारा रॉय को गिरफ्तारी से मिली अंतरिम सुरक्षा हटाने और उसे आगे राहत देने से इनकार करने के बाद हुई। शीर्ष अदालत ने पहले उसे जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था, जबकि राज्य सरकार का आरोप था कि उन्होंने जांच में पर्याप्त सहयोग नहीं किया।
यह मामला सालबोनी में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी जमीन के अवैध रूपांतरण और बिक्री के आरोपों से संबंधित है। इस मामले में तृणमूल के पूर्व विधायक सुजॉय हाजरा को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


