अमित शाह भाजपा विधायक दल की बैठक, नयी सरकार के शपथ ग्रहण में भाग लेने कोलकाता पहुंचे

Ads

अमित शाह भाजपा विधायक दल की बैठक, नयी सरकार के शपथ ग्रहण में भाग लेने कोलकाता पहुंचे

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 11:48 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 11:48 AM IST

कोलकाता, आठ मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में पार्टी के नेता का चुनाव किया जाएगा और राज्य में भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर चर्चा होगी।

शुभेंदु अधिकारी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया। हवाई अड्डे से वह न्यू टाउन स्थित एक होटल गए।

दोपहर में शाह विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

शनिवार को वह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत कर दिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा झटका दिया।

राज्यपाल आर एन रवि ने बृहस्पतिवार को विधानसभा भंग कर दी, जिससे नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा