कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए सोमवार को यहां पहुंचे।
पश्चिम बंगाल की राजधानी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे शाह का हवाई अड्डे पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और पार्टी के अन्य नेताओं ने स्वागत किया।
शाह सबसे पहले दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित मुखर्जी के पैतृक आवास जाएंगे और पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा शिक्षाविद् को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद वह महानगर के पूर्वी छोर पर स्थित इको पार्क जाएंगे, जहां वह जनसंघ संस्थापक मुखर्जी की प्रस्तावित 125 फुट ऊंची प्रतिमा के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।
शाम को शाह बिस्व बांग्ला मेला मैदान में आयोजित स्मृति समारोह में शामिल होंगे जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और राज्यभर से आए समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
इन कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री शाह के प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ संगठनात्मक मुद्दों और पश्चिम बंगाल में पार्टी की भावी रणनीति पर भी चर्चा करने की संभावना है। नौ मई को राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के बाद यह शाह का पश्चिम बंगाल का पहला दौरा है।
भाषा अमित नरेश
नरेश