हुबली, 19 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के हुबली में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अमित शाह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण शामिल नहीं हो सके। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि शाह को हुबली के गबूर में केएलई जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ चिकित्सा महाविद्यालय की नयी शैक्षणिक इमारत और 1,200 बिस्तरों वाले केएलई अस्पताल एवं चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करना था।
केएलई सोसाइटी के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभाकर कोरे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में आना था लेकिन स्वास्थ्य कारणों एवं चिकित्सकों की सलाह की वजह से वह होटल में ही रुके हुए हैं। उन्होंने मुझे यह संदेश आप तक पहुंचाने के लिए कहा है।’’
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, बेलागवी के सांसद जगदीश शेट्टार और श्री जगद्गुरु मूरुसाविरमठ के श्री गुरुसिद्ध राजयोगिन्द्र स्वामी ने शाह की अनुपस्थिति में संस्थानों का उद्घाटन किया।
शाह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार देर रात हुबली पहुंचे थे। उनका हुबली के कार्यक्रम के बाद बेलगावी जिले में श्री बीरेश्वर कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के नए मुख्यालय भवन का उद्घाटन करने का भी कार्यक्रम है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन