दिल्ली हवाई अड्डे के तीसरे रनवे पर सेवाएं 20 सितंबर से होगी बहाल

Ads

दिल्ली हवाई अड्डे के तीसरे रनवे पर सेवाएं 20 सितंबर से होगी बहाल

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 02:47 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 02:47 PM IST

मुंबई, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के तीसरे रनवे पर सेवाएं 20 सितंबर से फिर से बहाल होगी और इसमें करीब सात माह बाद परिचालन शुरू हो जाएगा। रनवे को मजबूती देने और उन्नयन कार्य के लिए बंद कर दिया गया था।

निजी हवाईअड्डा संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने शनिवार को बताया कि रनवे 11आर/29एल (तीसरा रनवे) का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो गया है और इसको फिर से सेवा में लाने के लिए सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिल गई हैं।

डीआईएएल, अवसंरचना क्षेत्र की कंपनी जीएमआर समूह के नेतृत्व वाले समूह और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का संयुक्त उपक्रम है।

कंपनी ने कहा कि इस साल फरवरी में शुरू हुए जीर्णोद्धार कार्य के तहत रनवे की सतह को फिर से तैयार करने, रनवे 29एल के स्थायी थ्रेशोल्ड को आगे करने, नए रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (आरईटी जेड1) के निर्माण, एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम के उन्नयन और रनवे की सतह को मजबूत करने सहित कई काम किए गए।

डीआईएएल के अनुसार, उन्नत किए गए रनवे को सभी जरूरी निरीक्षण, सत्यापन और नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद परिचालन के लिए तैयार किया गया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तीसरा रनवे 2008 में शुरू किया गया था।

देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डे के रूप में दिल्ली हवाई अड्डे पर चार रनवे के जरिये प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का आवागमन होता है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.6 करोड़ है।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय