अदालत ने मलयालम चैनल के प्रबंध निदेशक को एक दिन के लिए आबकारी विभाग की हिरासत में भेजा

Ads

अदालत ने मलयालम चैनल के प्रबंध निदेशक को एक दिन के लिए आबकारी विभाग की हिरासत में भेजा

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 02:21 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 02:21 PM IST

वायनाड (केरलम), 19 सितंबर (भाषा) केरलम में वायनाड जिले की सुल्तान बथेरी स्थित एक अदालत ने एक मलयालम समाचार टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक एंटो ऑगस्टीन को शनिवार को एक दिन के लिए आबकारी विभाग की हिरासत में भेज दिया।

ऑगस्टीन को उनके पुश्तैनी घर से तय सीमा से अधिक शराब बरामद होने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सुल्तान बथेरी की प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अधीना बीजू ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामले में ऑगस्टीन को आबकारी विभाग की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक ऑगस्टीन को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी उनकी कंपनी द्वारा प्रायोजित एक फुटबॉल कार्यक्रम में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम (एसआईटी) की छापेमारी में उनके पुश्तैनी घर में शराब की बोतलें मिलने के बाद की गई थी।

अदालत ने ऑगस्टीन को 30 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अदालत के आदेश के बाद उन्हें वायनाड जिले की मनंतवाडी जेल में स्थानांतरित किया गया।

आबकारी विभाग ने ऑगस्टीन को चार दिन के लिए उसकी हिरासत में भेजने का अनुरोध किया था। हालांकि, अभियोजन और बचाव पक्ष के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने केवल एक दिन की हिरासत को मंजूरी दी।

इस बीच, ऑगस्टीन ने जमानत के लिए केरल उच्च न्यायालय का रुख किया है जिस पर 22 सितंबर को सुनवाई होगी।

भाषा धीरज रंजन

रंजन