अमित शाह को ‘खाद्य विषाक्तता’ हुई थी, लेकिन अब वे ‘पूरी तरह ठीक’ : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

Ads

अमित शाह को ‘खाद्य विषाक्तता’ हुई थी, लेकिन अब वे ‘पूरी तरह ठीक’ : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 08:38 PM IST

हुबली/बेलगावी, 19 सितंबर (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि शनिवार को कर्नाटक में दो कार्यक्रमों में शामिल होने आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को “खाद्य विषाक्तता” हो गई थी, लेकिन अब वे “पूरी तरह ठीक” हैं।

शाह को हुबली के गबूर में केएलई जगद्गुरु गंगाधर महास्वामीगलु मूरुसाविरमठ चिकित्सा महाविद्यालय की नयी शैक्षणिक इमारत और 1,200 बिस्तरों वाले केएलई अस्पताल एवं चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करना था लेकिन वह इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए। स्थानीय नेताओं ने हालांकि, बताया कि दिल्ली के लिए हवाई अड्डा जाने से पहले शाम को उन्होंने परिसर का दौरा किया।

शाह का बेलगावी जिले का दौरा रद्द कर दिया गया, जहां उन्हें चिक्कोडी तालुक के एक्सांबा में श्री बीरेश्वर कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के मुख्यालय की नयी इमारत का उद्घाटन करना था।

जोशी ने एक्सांबा में संवाददाताओं को बताया, “अमित शाह को यहां आना था। खाद्य विषाक्तता की वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई। अन्नासाहेब जोले (पूर्व भाजपा सांसद) ने मुझे और शेट्टार (बेलगावी सांसद जगदीश शेट्टार) को इस कार्यक्रम के लिए बुलाया था; हमें उनके साथ आना था, लेकिन अभी सिर्फ हम ही आए हैं।”

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि शाह अब “पूरी तरह ठीक” हैं।

शिक्षा समेत कई मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाले जोशी ने आगे कहा, “स्वाभाविक है कि खाद्य विषाक्तता की वजह से हुई उल्टी के कारण उन्हें थोड़ी कमज़ोरी आ गई थी।”

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, बेलागवी के सांसद जगदीश शेट्टार और श्री जगद्गुरु मूरुसाविरमठ के श्री गुरुसिद्ध राजयोगिन्द्र स्वामी ने शाह की अनुपस्थिति में संस्थानों का उद्घाटन किया।

केएलई सोसाइटी के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभाकर कोरे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में आना था लेकिन स्वास्थ्य कारणों एवं चिकित्सकों की सलाह की वजह से वह होटल में ही रुके हुए हैं। उन्होंने मुझे यह संदेश आप तक पहुंचाने के लिए कहा है।’’

शाह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार देर रात हुबली पहुंचे थे।

भाषा प्रशांत माधव

माधव