जहांगीरपुरी के स्कूल के बाहर नाबालिग छात्र ने 18 वर्षीय विद्यार्थी को चाकू घोंपकर घायल किया

Ads

जहांगीरपुरी के स्कूल के बाहर नाबालिग छात्र ने 18 वर्षीय विद्यार्थी को चाकू घोंपकर घायल किया

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 12:06 AM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 12:06 AM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक सरकारी स्कूल के बाहर बृहस्पतिवार को 18 वर्षीय छात्र को इसी विद्यालय के एक नाबालिग विद्यार्थी ने कथित रूप से चाकू मारकर जख्मी कर दिया।

पुलिस ने बताया कि उसने गलत पहचान के चलते पीड़ित पर हमला किया।

यह घटना जहांगीरपुरी के डी-ब्लॉक में सरकारी बाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के बाहर हुई।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आठवीं कक्षा का छात्र किशोर दो दिन पहले स्कूल के एक अन्य छात्र के साथ झगड़े में शामिल था। पुलिस ने कहा कि वह कथित तौर पर उस छात्र पर हमला करने के लिए चाकू से लैस होकर आया था, लेकिन गलत पहचान के कारण उसने राहित पर हमला कर दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हालांकि, दूसरा बृहस्पतिवार को स्कूल से अनुपस्थित था और किशोर ने गलती से 12वीं कक्षा के छात्र राहित को वह लड़का समझ लिया जिसके साथ उसका झगड़ा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पाया कि घायल को पहले ही बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया जा चुका है।

डॉक्टरों ने पीड़ित के बेहतर उपचार के लिए बीएसए अस्पताल रेफर कर दिया। अधिकारी ने कहा, उसकी हालत स्थिर है।

घटना के तुरंत बाद किशोर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

भाषा नोमान

नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल