शिलांग, तीन मार्च (भाषा) उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने स्वच्छता को लेकर प्रतिबद्धता के लिए मेघालय के मावलिननॉन्ग गांव की सराहना की।
शिलांग से 90 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित मावलिननॉन्ग गांव 2003 में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था जब यात्रा वृत्तांतों में इसे ‘एशिया का सबसे स्वच्छ गांव’ बताया गया। इससे क्षेत्र में पर्यटन को काफी बढ़ावा मिला।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में महिंद्रा ने कहा, ‘बच्चे के पालन-पोषण के लिए पूरे गांव की जरूरत होती है। यह कहावत हमें याद दिलाती है कि जिम्मेदारी कभी व्यक्तिगत नहीं होती; यह समुदाय की होती है। मेघालय के मावलिननॉन्ग में यही विचार दैनिक जीवन को आकार देता है। गांव के निवासियों के लिए स्वच्छता कोई अभियान नहीं है। यह संस्कृति है; जो साझा कर्तव्य, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक गरिमा में निहित है।’
उन्होंने कहा, ‘अगर भारत को अपनी छवि बदलनी है तो यह सिर्फ नारों से नहीं होगा। यह तब होगा जब हम इस कहावत का सही अर्थ समझेंगे: बदलाव तभी शुरू होता है जब सभी लोग इसमें भाग लेते हैं। मावलिननॉन्ग के निवासी पूरे भारत के लिए एक आदर्श हैं।’’
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश