आंध्र प्रदेश : श्रीशैलम में एक ही परिवार के पांच लोग मृत मिले, पुलिस को आत्महत्या का संदेह
आंध्र प्रदेश : श्रीशैलम में एक ही परिवार के पांच लोग मृत मिले, पुलिस को आत्महत्या का संदेह
श्रीशैलम, 25 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में मंगलवार को एक लॉज में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए। पुलिस को संदेह है कि स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों के कारण उन्होंने संभवत: आत्महत्या की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, श्री सत्य साईं जिले के बट्टलापल्ली गांव निवासी पल्लापु सुधाकर (36) अपनी तीन बहनों और 15 वर्षीय भांजे के साथ 28 जुलाई को श्रीशैलम आए थे। पांचों सुधाकर के ऑटोरिक्शा से श्रीशैलम पहुंचे और वड्डे सत्रम में एक कमरा किराये पर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘यहां वड्डे सत्रम में मंगलवार को एक कमरे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संभवत: स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आर्थिक परेशानियों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।’’
लॉज के कर्मचारियों ने देखा कि मंगलवार को कमरे का दरवाजा बंद है और अंदर से दुर्गंध आ रही है जिसके बाद खिड़की खोली। अंदर सभी पांचों लोग फंदे से लटके मिले। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुधाकर, उसकी दो बड़ी बहनें, एक छोटी बहन और उसका भांजा सभी कथित तौर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इसके अलावा, सुधाकर की बड़ी बहनें अपने पतियों से अलग रह रही थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी।
अधिकारी के अनुसार, सुधाकर ऑटोरिक्शा चलाकर परिवार के सभी सदस्यों का भरण-पोषण करता था।
पुलिस को संदेह है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे परिवार के सदस्यों ने संभवत: आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा तान्या खारी
खारी

Facebook


