कम्बुम (आंध्र प्रदेश), तीन जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मार्कापुर जिले में बृहस्पतिवार देर रात एक ट्रक ने ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वाहन में सवार चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मार्कापुर के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी यू. नागा राजू ने बताया कि यह हादसा रात करीब एक बजे बेंगलुरु राजमार्ग पर कम्बुम में उस समय हुआ, जब एक दुल्हन सड़क किनारे स्थित मंदिर में प्रार्थना करने गई थी और ऑटोरिक्शे में बैठे अन्य लोग बाहर उसका इंतजार कर रहे थे।
नाग राजू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ दुल्हन के परिवार ने अपना ऑटो रिक्शा मंदिर के पास रोका था और तभी एक ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मार दी। दुल्हन के दो बड़े भाई, उनकी भाभी और एक चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि दुल्हन इस हादसे में बच गई क्योंकि वह उस समय मंदिर के अंदर थी।
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्य विवाह स्थल की ओर जा रहे थे कि रास्ते में कुछ देर के लिए वे सड़क किनारे स्थित मंदिर में प्रार्थना करने के लिए रुक गये और तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना