चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा महिलाओं के लिए 1,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता की घोषणा ‘‘ देर से की गई थोड़ी सहायता’ है।
पंजाब कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने राज्य की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह की नकद सहायता का वादा करके उनके वोट हासिल करके वास्तव में उन्हें ‘धोखा’ दिया था। उन्होंने कहा कि आप ने अब अपने कार्यकाल के अंतिम समय में इसकी घोषणा की है।
वडिंग ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘यह देर से की गई थोड़ी सहायता’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन महिलाओं को पांच साल में 60,000 रुपये मिलने चाहिए थे, उन्हें अब आप शासन के शेष छह महीनों में केवल 6,000 रुपये मिलेंगे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह सरासर धोखा है कि आपने 60,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब उन्हें केवल 6,000 रुपये दे रहे हैं।’’
वडिंग ने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक महिला के साथ 54,000 रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में आप सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को घोषणा की कि महिलाओं को एक जुलाई से प्रति माह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
भाषा
शुभम धीरज
धीरज