नोएडा: महिला दोस्त से जुड़े विवाद में दो सहकर्मियों के बीच झड़प, एक की मौत

Ads

नोएडा: महिला दोस्त से जुड़े विवाद में दो सहकर्मियों के बीच झड़प, एक की मौत

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 09:17 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 09:17 AM IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 24 जुलाई (भाषा) ग्रेटर नोएडा में कथित तौर पर महिला दोस्त से जुड़े विवाद में दो सहकर्मियों के बीच हुई झड़प में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कासना थाना क्षेत्र में सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो व्यक्तियों के बीच विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला हुआ है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे।

उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान बरेली निवासी सुरेश (32) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि नरेश (40) का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नरेश और सुरेश एक ही कंपनी में कार्यरत थे।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नरेश का सिरसा गांव की एक महिला के साथ पिछले करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था। हालांकि, कुछ समय से महिला ने नरेश से बातचीत बंद कर दी थी और उसकी बातचीत सुरेश से होने लगी थी।’’

पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच बृहस्पतिवार रात झड़प हो गई।

शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित महिला की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

भाषा सं सिम्मी खारी

खारी