नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संसद में आने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करना चाहिए।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जब संसद चल रही होती है तो प्रधानमंत्री को संसद के पटल पर वक्तव्य देना होता है। देर रात एक वीडियो बनाकर, संसद के बाहर एकतरफा ‘मन की बात’ नहीं करनी होती।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज संसद में आने से पहले, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करके आइएगा। पहले छात्रों से माफी मांगिए और जिन्होंने छात्रों की आवाज दबाने के लिए लाठी-डंडों और ‘पैलेट गन’ का इस्तेमाल करवाया है, उन पर कड़ी कार्रवाई कीजिए।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘फिर हम शिक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा था कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिनमें त्वरित अदालतों की व्यवस्था करना शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा था कि मामले में जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
भाषा हक सिम्मी
सिम्मी