मोंडाइकाड (तमिलनाडु), दो मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मोंडाइकाड स्थित प्रसिद्ध भगवती अम्मन मंदिर में वार्षिक 10 दिवसीय ‘कोडा’ महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक ‘कोडियेट्टु’ (ध्वज फहराने) समारोह के साथ हुई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
अधिकारियों ने बताया कि यह समारोह 28 फरवरी को सुबह 8:10 बजे आयोजित किया गया था। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘अम्मे शरणम’ और ‘देवी शरणम’ के जयकारे लगाए। इनमें अधिकांश संख्या महिलाओं की थी।
समारोह में मद्रास उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति एल. सी. विक्टोरिया गौरी, कन्याकुमारी की जिलाधिकारी आर. अलागुमीना और देवस्वोम की कार्यकारी अधिकारी ए. झांसी रानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
समुद्र तट पर स्थित इस तीर्थस्थल पर मुख्य ‘कोडा’ अनुष्ठान 10 मार्च को आयोजित किया जाएगा। अन्य प्रमुख अनुष्ठानों में छह मार्च को ‘वलियापाडुक्का’ और आठ मार्च को ‘वलियाथीवत्ती’ शोभायात्रा शामिल है। इस महोत्सव का समापन अंतिम दिन मध्यरात्रि में ‘ओदुक्कू पूजा’ के साथ होगा।
तमिलनाडु और दक्षिणी केरल से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार ने 800 से अधिक पुलिसकर्मी और तटीय पुलिस की एक टुकड़ी तैनात की है।
भाषा प्रचेता गोला
गोला