शव के टुकड़े यमुना में फेंकने के मामले में फरार एक और आरोपी गिरफ्तार
शव के टुकड़े यमुना में फेंकने के मामले में फरार एक और आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक कैंटीन संचालक के अपहरण और उसकी हत्या कर शव को टुकड़ों बांटकर यमुना नदी में फेंकने के मामले में वांछित 27 वर्षीय व्यक्ति को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है, जो झज्जर के धंधलां गांव का रहने वाला है। पुख्ता जानकारी मिली थी कि वह अपने गांव में मौजूद है जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, नीरज द्वारका जिले के बिंदापुर थाने में 28 फरवरी को दर्ज अपहरण, हत्या और आपराधिक साजिश से संबंधित एक मामले में वांछित था।
पुलिस ने पहले बताया था कि 18 फरवरी को हुई हत्या के सिलसिले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एन. चैतन्य ने बताया, ‘ विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम आरोपी पर नजर रख रही थी। 31 मार्च को टीम को सूचना मिली कि नीरज अपने एक साथी से मिलने अपने गांव आया है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया।’
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नीरज ने अपराध के चौंकाने वाले विवरण का खुलासा किया।
उनके मुताबिक नीरज ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपने साथियों भूपेंद्र, सूरज उर्फ हैप्पी, बलराम और राखी नामक महिला के साथ मिलकर द्वारका में छत्तीसगढ़ हाउस में कैंटीन चलाने वाले अनुरूप गुप्ता का अपहरण करने की साजिश रची थी।
अधिकारी ने बताया, ‘साजिश के अनुसार, राखी ने गुप्ता को मटियाला इलाके के एक फ्लैट में बुलाया। जब गुप्ता वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे काबू में कर लिया, रस्सियों से बांध दिया और उसके आभूषण लूट लिए। इसके बाद गुप्ता को बंधक बनाया गया और उसपर पैसे का इंतजाम करने के लिए दबाव डाला गया। जब उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।’
नीरज ने बताया कि गुप्ता की हत्या करने के बाद, आरोपियों ने सबूत मिटाने और पकड़े जाने से बचने के लिए एक चाकू से शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद शव के टुकड़ों को बोरियों में भरकर दिल्ली से बाहर ले गए।
उन्होंने कहा, ‘आरोपियों ने बाद में शव के टुकड़ों को उत्तर प्रदेश के वृंदावन के पास यमुना नदी में फेंक दिया। आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए इस अपराध की साजिश रची थी और उन्होंने जल्द धन कमाने के लालच में ऐसा किया।’
पुलिस रिकॉर्ड से पता चलता है कि नीरज को इससे पहले नवंबर 2023 में हरियाणा के रोहतक स्थित सांपला थाने में निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों को ढूंढने और गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। आगे की जांच चल रही है।
भाषा नोमान
नोमान रंजन
रंजन

Facebook


