क्रिप्टो और निवेश योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
क्रिप्टो और निवेश योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने सोशल मीडिया, क्रिप्टो करेंसी और आकर्षक निवेश योजनाओं के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (अतिरिक्त) विशाल बंसल ने बताया कि जोधपुर के भोपालगढ़, निवासी एजेंट सुरेश सैनी (34) को 20 सितंबर 2025 को दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी ने सॉफ्टवेयर डेवलपर रजनीश कुमार के साथ मिलकर एक वेबसाइट तैयार करवाई थी जिस पर मात्र 250 रुपये में आईडी बनाकर करीब 82 हजार लोगों को जोड़ा गया और लगभग दो करोड़ रुपये इकट्ठा किए गए।
बसंल ने कहा, ‘‘आरोपियों ने ‘हार्वेस्ट एआई टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से कंपनी बनाकर स्वयं को उसका निदेशक और ममता सैनी को सह-निदेशक बनाया। कंपनी के माध्यम से ‘एचवीटी कॉइन’ नामक डिजिटल करेंसी शुरू करने और उसे क्रिप्टो एक्सचेंज में सूचीबद्ध कराने का झूठा प्रचार किया गया।’’
पुलिस उप महानिरीक्षक परिस देशमुख ने बताया कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया पर इनामी योजनाओं को प्रचार किया गया जिनमें 5.90 लाख रुपये में स्कॉर्पियो और 12 लाख रुपये में फॉर्च्यूनर वाहन दिलाने का लालच दिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन लेनदेन के जरिये करीब 4.92 करोड़ रुपये जुटाए।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि 15 अक्टूबर 2025 को भोपालगढ़ में ‘इनल खेचरी ग्रैंड सेरेमनी’ नाम से कार्यक्रम आयोजित कर 250 एसयूवी देने की घोषणा की गई, जिसके जरिये 251 लोगों से करीब 15 करोड़ रुपये वसूले गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरेश सैनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में 5.90 लाख रुपये में स्कॉर्पियो दिलाने का झांसा देकर 56 लोगों से करीब 3.5 करोड़ रुपये जुटाए।
देशमुख ने बताया कि आरोपी ने कंपनी में 1,173 आईडी लगाकर करीब 28 लाख रुपये निवेश के नाम पर जमा करवाए।
उन्होंने बताया कि भोपालगढ़ क्षेत्र में उसकी जेसीबी मरम्मत की एक वर्कशॉप और क्षेत्र में अच्छी पकड़ होने के कारण उसने ग्रामीणों को आसानी से झांसे में ले लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठगी के कमीशन में उसे अपने भाई के नाम एक एसयूवी मिली थी, जिसे एसओजी ने जब्त कर लिया है।
एसओजी पहले ही इस मामले में मुख्य आरोपी बंशीलाल उर्फ प्रिन्स सैनी, ममता सैनी और दिनेश बागड़ी को गिरफ्तार कर चुकी है।
उन्होंने बताया कि सुरेश सैनी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में निवेशकों की संख्या और बैंक खातों की जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


