राजस्थान में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 11 अप्रैल (भाषा) राजस्थान की नशा विरोधी कार्य बल (एएनटीएफ) ने एक ही दिन में कई जिलों में व्यापक अभियान चलाकर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार टीम ने कुल 5,860 अफीम के पौधे नष्ट किए, करीब 85 किलो डोडा चूरा पोस्त और लगभग 15 किलो गांजा जब्त किया। यह कार्रवाई राजसमंद, बाड़मेर, कोटा, जयपुर और प्रतापगढ़ सहित सात जिलों में की गई।
उन्होंने बताया कि मुख्य कार्रवाई “ऑपरेशन गांजाजुली” के तहत राजसमंद जिले में की गई, जहां लगभग छह बीघा निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती का खुलासा हुआ। मौके पर ही 5,860 अफीम के पौधे नष्ट किए गए और 12.130 किलो गांजा बरामद किया गया। इस मामले में स्थानीय व्यक्ति नाथू को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह अवैध फसल गेहूं की खेती के बीच पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर उगाई गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इससे 2,000 किलोग्राम से अधिक अफीम तैयार की जा सकती थी। यह कार्रवाई स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त रूप से की गई।
अन्य जिलों में भी अभियान के तहत कार्रवाई की गई। प्रतापगढ़ में फरीद नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो गुजरात पुलिस को एमडी मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में वांछित था। बाद में उसे गुजरात पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि राज्य में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


