अनुज अग्निहोत्री ने सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया; 958 उम्मीदवार सफल : यूपीएससी

Ads

अनुज अग्निहोत्री ने सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया; 958 उम्मीदवार सफल : यूपीएससी

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 03:11 PM IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।

सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार – में आयोजित की जाती है।

आयोग ने एक बयान में कहा कि 348 अनुशंसित प्रतिभागियों की उम्मीदवारी को अस्थायी रखा गया है।

केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भरी जाने वाली 1,087 रिक्तियों की घोषणा की थी।

यूपीएससी के परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक “सुविधा काउंटर” बनाया गया है।

अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन के माध्यम से अपनी परीक्षाओं/भर्ती के संबंध में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं।

बयान में कहा गया है, “परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर अंक उपलब्ध होंगे।”

भाषा

प्रशांत दिलीप

दिलीप