नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि सभ्यता के अंत की बात करने वाली कोई भी टिप्पणी या कार्रवाई आधुनिक दुनिया में स्वीकार्य नहीं है और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता।
राहुल की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस धमकी के मद्देनजर आई है कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी खत्म करने के लिए उनकी ओर से दी गई मंगलवार रात आठ बजे (पूर्वी समय) तक की समयसीमा (भारतीय समय के अनुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) का पालन नहीं करता है, तो “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।”
राहुल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “युद्ध दुखद होते हैं, फिर भी वे एक सच्चाई हैं। सभ्यता के विनाश की बात करने वाली कोई भी टिप्पणी या कार्रवाई आधुनिक दुनिया में अस्वीकार्य है।”
उन्होंने लिखा, “परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को किसी भी परिस्थिति में कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता।”
भाषा पारुल राजकुमार
राजकुमार