भुवनेश्वर, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल को ओडिशा के राउरकेला का दौरा कर सकती हैं, जहां उनके कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सुंदरगढ़ से लोकसभा सदस्य ओराम लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ हुई बातचीत के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री से तीन मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें से एक मुद्दा 21 अप्रैल को राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे का था… अभी तक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।”
माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय केंद्रीय मंत्री और सुंदरगढ़ के सांसद जुअल ओराम के साथ 21 तारीख को राउरकेला में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।”
उन्होंने कहा, “माननीय राष्ट्रपति का यह दौरा ओडिशा के लिए गर्व का विषय है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार सभी तैयारियां कर रही है।”
भाषा राखी पारुल
पारुल