भुवनेश्वर, 21 अगस्त (भाषा) भुवनेश्वर में कैब चालकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के दो दिन बाद ‘स्मार्ट सिटी ऑनलाइन ऑटो-टैक्सी ड्राइवर्स यूनियन’ ने शुक्रवार को जनता को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और सरकार से पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को छोड़ने का आग्रह किया।
यूनियन के अध्यक्ष दीनबंधु नाईक ने एक वीडियो संदेश में कहा कि प्रदर्शनकारियों ने व्यवस्था में आए व्यवधान की जिम्मेदारी स्वीकार की है।
नाईक ने कहा, ‘जनता को हुई असुविधा के लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं। यह हमारी ओर से हुई एक गलती थी और हम इसे विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए था। मुझे उम्मीद है कि लोग हमें माफ कर देंगे।’
सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं के उन आरोपों को खारिज करते हुए, जिनमें हिंसा को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया गया था, नाईक ने कहा कि इस प्रदर्शन का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘इस विरोध प्रदर्शन का किसी राजनीति से कोई संबंध नहीं था। हमारी आजीविका के लिए ऑनलाइन ऑटो-रिक्शा, बाइक और टैक्सी चालकों के 20 से अधिक संघों ने मिलकर इस प्रदर्शन का आयोजन किया था।’
उन्होंने राजनीतिक दलों से इस आंदोलन को राजनीति से न जोड़ने की अपील की और सरकार तथा पुलिस से जब्त किए गए वाहनों को रिहा करने का अनुरोध किया।
नाईक ने कहा, ‘हम कोई आतंकवादी या गुंडे नहीं हैं, हम इसी राज्य के नागरिक हैं। हम सरकार से हस्तक्षेप करने और हमारी समस्याओं का समाधान करने का अनुरोध करते हैं।’
विभिन्न ऑनलाइन कैब-बुकिंग मंचों से जुड़े चालकों ने सैकड़ों ऑटो-रिक्शा और टैक्सियों के साथ 19 अगस्त को राजमहल चौक से रैली निकाली थी तथा अपने वाहनों को व्यस्त मास्टर कैंटीन और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में खड़ा कर दिया था।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
अविनाश