पश्चिम बंगाल में महिला से हथियार व 200 कारतूस बरामद, पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध का शक

Ads

पश्चिम बंगाल में महिला से हथियार व 200 कारतूस बरामद, पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध का शक

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 02:25 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 02:25 PM IST

कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार को एक महिला को गिरफ्तार कर उससे हथियार और कारतूस बरामद किए। पुलिस को शक है कि उसके तार बिहार के मुंगेर के एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ने पूजा विश्वास को उस समय रोका जब वह वाहन से नैहाटी से हाबरा की ओर जा रही थी।

उन्होंने बताया कि उसके सामान की तलाशी लेने पर अधिकारियों ने आग्नेयास्त्र, लगभग 200 कारतूस, 12 मैगजीन, 12,000 रुपये और दो मोबाइल फोन जब्त किए।

अधिकारी ने बताया कि उसके पास से बिहार के जमालपुर का एक ट्रेन टिकट भी मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि इन हथियारों को बिहार से पश्चिम बंगाल लाया गया था।

पुलिस के अनुसार, विश्वास हाबरा इलाके में एक किराए के मकान में रह रही थी और इससे पहले उसे दत्तपुकुर थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

उसने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि आरोपी महिला अवैध हथियार निर्माण के लिए चर्चित बिहार के मुंगेर से इन आग्नेयास्त्रों को खरीदकर हाबरा इलाके में तस्करी की साजिश रच रही थी।

सीआईडी को शक है कि इस मामले में एक अंतर-राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह शामिल है और वह इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जांचकर्ताओं का मानना है कि महिला बिहार से ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल में दाखिल हुई, नैहाटी में उतरी और हाबरा जा रही थी तभी उसे पकड़ लिया गया।

भाषा खारी रंजन

रंजन